अनवरत बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, दो दिन में चार इंच बारिश, तापमान में गिरावट, चक्रवाती सिस्टम कमजोर पडऩे से कटनी सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

कटनी, यशभारत। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती सिस्टम कमजोर पडऩे से मध्यप्रदेश के कई जिलों में पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर लगातार जारी है। कटनी में भी शहर से लेकर गांव तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। पिछले दो दिनों में कटनी जिले में 91 मिलीमीटर यानि करीब चार इंच के आसपास औसत बारिश दर्ज की गई है। गुरूवार की दोपहर से अचानक सक्रिय हुए मानसून से पूरा जिला तरबतर नजर आ रहा है। लगातार पानी गिरने की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जिले में औसत बारिश का आंकड़ा 900 को पार कर गया है। इस साल एक जून से लेकर अब तक 85 प्रतिशत बारिश हो चुकी है, जबकि पिछले साल की तुलना में अब तक 14 प्रतिशत कम बारिश हुई है। स्लीमनाबाद तहसील में सबसे ज्यादा 1180.4 मिलीमीटर और बड़वारा तहसील में सबसे कम 720.9 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने की वजह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। नदियों की जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। कटनी नदी सहित अन्य छोटी नदियां उफान मार रही है। निचले इलाकों में जलप्लावन की स्थिति निर्मित हो गई है।
झमाझम बारिश से बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक डिप्रेशन अब दक्षिण छत्तीसगढ़ से होते हुए उत्तर पश्चिम ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आज शनिवार को भी बारिश का दौर जारी है,गहरे अवदाब के प्रभाव से जोरदार वर्षा हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती सिस्टम कमजोर पडऩे से बारिश का दौर चल रहा है। चक्रवाती हवाओं के कारण मानसून की वापसी हुई है।
कलेक्टर ने जारी किए निर्देश
कलेक्टर आशीष तिवारी ने राजस्व विभाग को निर्देशित किया है कि जिले में कहीं भी जलभराव, नाला टूटने, नदियों के उफान में रहने के कारण रास्ता बंद होने या फिर कोई संभावित अप्रिय स्थिति होने की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, जिससे समय रहते राहत एवं बचाव कर्य शुरू किया जा सके।







