डायल 112 के व्हाट्सऐप पर सीएम को धमकी , संदेश डिलीट किया फिर भी बच नहीं पाया आरोपी

- डायल 112 के व्हाट्सऐप पर सीएम को धमकी
संदेश डिलीट किया फिर भी बच नहीं पाया आरोपी
यश भारत, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच ने मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डायल-112 के व्हाट्सऐप नंबर पर धमकी भरा संदेश भेजा था। संदेश को बाद में दो बार संपादित करने के बाद डिलीट कर दिया गया लेकिन डायल 112 कर्मचारियों ने समय रहते उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया। इसी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच आगे बढ़ाई और आरोपी तक पहुंच गई ।
स्क्रीनशॉट बना जांच की अहम कड़ी
बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे भदभदा स्थित रेडियो मुख्यालय के डायल-112 व्हाट्सऐप नंबर पर धमकी भरा संदेश आया। इसमें मुख्यमंत्री को लेकर आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण बातें लिखी गई थीं। संदेश भेजने वाले ने बाद में उसमें दो बार बदलाव किया और फिर उसे हटा दिया। हालांकि, कर्मचारियों ने संदेश का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेडियो मुख्यालय की ओर से भोपाल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद प्रकरण क्राइम ब्रांच को सौंपा गया और पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
मोबाइल नंबर की लोकेशन मुंबई में मिली
क्राइम ब्रांच ने उस मोबाइल नंबर की तकनीकी पड़ताल की, जिससे संदेश भेजा गया था। जांच में नंबर की लोकेशन मुंबई में सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम मुंबई पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसे भोपाल ला रही है।
मोबाइल खोलेगा धमकी का राज
आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भेजने के पीछे उसकी क्या वजह थी और क्या इस मामले में उसके अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी है।







