आकांक्षा के साथ जो अन्याय हुआ है, उसकी निष्पक्ष जांच ,दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक : राहुल गांधी
पीड़ित परिजनों से मंजुल त्रिपाठी ने कराई राहुल गांधी से बात, आर्थिक सहयोग की शेष राशि भी सौंपी गई

मऊगंज/रीवा। नीट परीक्षा से जुड़ी घटनाओं के बाद दिवंगत छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी के परिवार के साथ न्याय की लड़ाई में निरंतर खड़ी एनएसयूआई ने आज एक और महत्वपूर्ण पहल की। पूर्व एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी आज मऊगंज जिले के नई गाड़ी गांव पहुंचे और उन्होंने आकांक्षा चतुर्वेदी के परिजनों से मुलाकात की।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने परिवार से मुलाकात के दौरान आश्वासन दिया था कि उनकी बात राहुल गांधी से कराई जाएगी। इसी क्रम में आज मंजुल त्रिपाठी ने आकांक्षा के बड़े पिताजी एवं माताजी की राहुल गांधी जी से दूरभाष पर बातचीत कराई।
बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आकांक्षा के साथ जो अन्याय हुआ है, उसकी निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है।
इस अवसर पर परिवार को पूर्व में प्रदान की गई ₹2,50,000 की आर्थिक सहायता के अतिरिक्त केसीसी ऋण की शेष ₹50,000 राशि भी उपलब्ध कराई गई। इस प्रकार कुल ₹3,00,000 की आर्थिक सहायता परिवार को प्रदान की जा चुकी है।
मंजुल त्रिपाठी ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता का विषय नहीं है, बल्कि एक बेटी को न्याय दिलाने का संकल्प है। जब तक आकांक्षा और उसके परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी एवं एनएसयूआई परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र-छात्रा को ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनूप सिंह चंदेल जी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय , जिला उपाध्यक्ष श्री सत्यम मिश्रा एवं देवेश परोहा जी भी उपस्थित रहे।







