रिमझिम के बीच गणपति को एक साल के लिए बिदाई, भक्तिभाव के बीच कुंडों में किया जा रहा प्रतिमाओं का विसर्जन, शाम को गणेश चौक से निकलेगा चल समारोह, तैयारियां पूरी

कटनी, यशभारत। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ… के गगनचुंबी जयघोषों के साथ विघ्न विनाशक भगवान गणपति जी को आज एक साल के लिए बिदाई दी जा रही है। सुबह से जारी रिमझिम और तेज बारिश के बीच श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ कुंडों में विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। गाटरघाट में बनाए गए कृत्रिम कुंड में सुबह 10 बजे से ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य विसर्जन घाटों पर भी श्रद्धालुओं द्वारा अपार उत्साह और उमंग के बीच भगवान गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। इसी के साथ दस दिवसीय गणेशोत्सव पर्व का आज समापन हो रहा है। घरों में आज सुबह सेही पूजा, अर्चना, हवन, आरती और कन्या भोज के आयोजन चलते रहे। उधर गणपति पंडालों में भी विसर्जन की तैयारियां दिन भर की जाती रहीं। कई पंडालों में कल रात को ही हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाए सुरक्षा एवं घाटों पर सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा तीन शिफ्ट में अधिकारी कर्मचारी तैनात किये जाकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
शहर के प्रमुख आकर्षण का केंद्र सिविल लाइन स्थित गणेश चौक से परम्परा अनुसार शाम 7 बजे गणेश विसर्जन चल समारोह निकाला जाएगा। चल समारोह में सबसे आगे गणेश चौक की प्रतिमा रहेगी, इसके पीछे अन्य समितियों की प्रतिमाएं भी जुलूस में शामिल होंगी। चल समारोह गणेश चौक से शुरू होकर मघई मंदिर, हनुमान मंदिर, मेन रोड, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, शेर चौक, आजाद चौक होते हुए गाटर घाट पहुंचकर समाप्त होगा। यहां नगर निगम द्वारा बनाये गए कुंड में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इसके अलावा घरों में भी बड़े कोपर में विसर्जन किया जा रहा है।
कलेक्टर-एसपी ने विघ्नहर्ता के दरबार में टेका माथा
गणेशोत्सव पर्व पर कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शहर के प्रसिद्ध गणेश चौक स्थित श्री विघ्न विनाशक गणेश मंदिर पहुंचकर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के दर्शन किए। दोनों अधिकारियों ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर भव्य महाआरती में सहभागिता निभाई। इस दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। श्री विघ्न विनाशक गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने कलेक्टर-एसपी का स्वागत करते हुए सम्मान स्वरूप उन्हें धार्मिक ओढ़नी व स्मृति पट्टा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और ऋद्धि-सिद्धि के दाता हैं। उन्होंने बप्पा के चरणों में शीश नवाकर प्रार्थना की कि जिले के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति, संपन्नता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो तथा कटनी निरंतर विकास व सद्भाव के पथ पर आगे बढ़े।
पवई : आंखें नम पर दिलों में अगले बरस की प्रतीक्षा
दस दिनों तक घर-घर, गली-गली में गूंजा गणपति बप्पा मोरया का जयकारा आज थम जाएगा। आस्था और भक्ति के इस महापर्व के समापन पर आज बप्पा की विदाई होगी। नगर में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन पतने नदी में किया जाएगा। दस दिनों तक भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव से बप्पा की सेवा की। अब भारी मन से उन्हें विदा करने की तैयारी है। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों के साथ भक्त नाचते-गाते बप्पा को विसर्जन के लिए ले जाएंगे। हर आंख नम होगी पर हर दिल में एक ही कामना होगी। विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने सभी गणेश समितियों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान पूरी सावधानी बरतें। गहरे पानी में न जाएं और प्रशासन का सहयोग करें ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
बनाए गए 12 कुंड, 132 कर्मचारी रहेंगे तैनात
गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए 12 कृत्रिम विसर्जन कुंड चिन्हित किए गए हैं। इनमें गाटरघाट, मोहनघाट, मसुरहा घाट, माईंनदी घाट, छपरवाह घाट, बिलगवां घाट, सिमार नदी रपटा, पीरबाबा निवार, बजरंग कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर तालाब सहित गायत्री नगर में एमएस पब्लिक स्कूल के सामने निर्मित कृत्रिम कुंड शामिल हैं। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं चल समारोह को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने नगर निगम प्रशासन की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों पर व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने 132 अधिकारी-कर्मचारियों की तीन पालियों में ड्यूटी निर्धारित कर दायित्व सौंपे हैं।
एमएस स्कूल के सामने हो रहा विसर्जन
गायत्री नगर स्थित बाबा घाट हनुमान मंदिर के समीप बनाए गए विसर्जन कुंड के स्थल में परिवर्तन किया गया है। अब श्रद्धालु गायत्री नगर, मित्र विहार कॉलोनी में चंदशेखर आजाद गार्डन के पहले एमएस पब्लिक स्कूल के सामने निर्मित कृत्रिम विसर्जन कुंड में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार कटाएघाट एवं अमीरगज तालाब में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्णतः प्रतिबधित रहेगा।







