भारी वाहनों का प्रवेश बंद; रात 7 बजे से निकलेगा मुख्य गणेश विसर्जन चल समारोह

भोपाल में रहेगा रूट डायवर्जन, भारी वाहनों का प्रवेश बंद; रात 7 बजे से निकलेगा मुख्य गणेश विसर्जन चल समारोह
भोपाल, यशभारत। अनंत चतुर्दशी पर्व पर शुक्रवार, 25 सितंबर को भोपाल शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु पुलिस एवं नगरीय यातायात व्यवस्था द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। प्रातः 9:00 बजे से छोटे-छोटे जुलूसों के रूप में प्रतिमाओं का विसर्जन प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, बैरागढ़ एवं हताईखेड़ा डैम पर आरंभ होगा।
यह रहेगा मुख्य विसर्जन जुलूस का मार्ग
शहर का मुख्य चल समारोह भारत टॉकीज चौराहे से शाम 7 बजे झांकियों एवं गणेश प्रतिमाओं के साथ प्रारंभ होगा। यह जुलूस इतवारा चौराहा, गणेश चौक, मंगलवारा, गल्ला मंडी, हनुमानगंज, छोटे भैया चौराहा, जुमेराती, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, पीरगेट, मोती मस्जिद, रेतघाट और कमला पार्क से होकर कमलापति घाट पहुँचेगा। इसके अतिरिक्त कुछ झांकियां पॉलिटेक्निक चौराहे से डिपो चौराहा, 25वीं बटालियन के सामने तथा भदभदा तिराहा होते हुए प्रेमपुरा घाट की ओर प्रस्थान करेंगी।
शहर में भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
यातायात पुलिस के अनुसार सुबह 8 बजे से आगामी आदेश तक शहर की सीमाओं—खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, इस्लाम नगर, चोपड़ा कलां, पटेल नगर, 11 मील, रातीबड़, लालघाटी, नरसिंहगढ़ तिराहा, एयरपोर्ट, करोंद एवं भानपुर से सभी प्रकार के अनुमति प्राप्त एवं बिना अनुमति प्राप्त भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सिटी बस और सामान्य ट्रैफिक पर प्रतिबंध
शाम 5:00 बजे से: भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे की तरफ सभी प्रकार की सिटी बसें एवं मैजिक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
शाम 6:00 बजे से: मंगलवारा थाना तिराहा, दयानंद चौक, जुमेराती पानी की टंकी तथा पुरानी सब्जी मंडी से घोड़ा नक्कास व बस स्टैंड की तरफ वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
4 मीटर से बड़े ट्रालों के लिए विशेष रूट निर्देश
यातायात पुलिस ने विशेष अपील जारी करते हुए कहा है कि यदि गणेश प्रतिमा ले जा रहे ट्राले की चौड़ाई 4 मीटर से अधिक है, तो उन्हें रोशनपुरा से माता मंदिर, पीएनटी चौराहा, भारत टॉकीज अथवा माता मंदिर मैनिट चौराहा होकर भदभदा एवं प्रेमपुरा घाट ले जाया जाए।







