वेलकम’ के बल्लू नहीं रहे, अभिनेता मुश्ताक खान का निधन
56 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, पांच साल से कैंसर से जूझ रहे थे

नई दिल्ली, यश भारत । हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक खान का निधन हो गया। 56 वर्षीय अभिनेता पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से हिंदी फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक की लहर है। मुश्ताक खान ने अपने करियर में कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम किया और खास तौर पर अपने हास्य तथा सहायक किरदारों के लिए पहचाने गए। जानकारी के अनुसार, मुश्ताक खान पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे। बताया गया है कि उन्हें करीब पांच वर्ष पहले कैंसर की बीमारी का पता चला था। हाल ही में बीमारी दोबारा उभरने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर कस्बे में जन्मे मुश्ताक खान ने हिंदी फिल्मों के साथ टेलीविजन में भी अपनी अलग पहचान बनाई। वर्ष 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘वेलकम’ में उन्होंने बल्लू का किरदार निभाया था। इस फिल्म में वह अक्षय कुमार, नाना पाटेकर, अनिल कपूर और परेश रावल जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ नजर आए थे। उनका यह किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। मुश्ताक खान ने ‘हेरा फेरी’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘जोड़ी नंबर 1’ और ‘वांटेड’ सहित कई चर्चित फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने अपने करियर में मुख्य भूमिकाओं के बजाय सहायक और चरित्र भूमिकाओं के जरिए दर्शकों के बीच पहचान बनाई।
फिल्मों के अलावा उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में भी लंबे समय तक काम किया। उनके प्रमुख टीवी धारावाहिकों में ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’, ‘भारत एक खोज’, ‘वागले की दुनिया’ और ‘नुक्कड़’ सहित कई अन्य कार्यक्रम शामिल रहे। अलग-अलग तरह के किरदारों को सहजता से निभाने की उनकी क्षमता के कारण उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान मिली। मुश्ताक खान के निधन से उनके प्रशंसकों और फिल्म-टेलीविजन जगत में शोक का माहौल है। सह कलाकारों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर दुख जताते हुए उन्हें याद किया।







