कटनी

बप्पा की विदाई में निगम की अभिनव पहल

घर के पास पहुंचेंगे विसर्जन कुंड

बप्पा की विदाई में निगम की अभिनव पहल

घर के पास पहुंचेंगे विसर्जन कुंडIMG 20260924 WA0044 IMG 20260924 WA0044 1

8 प्रमुख स्थानों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में तैयार रहेंगे विसर्जन कुंड, घाटों की भीड़ और जलस्रोतों पर दबाव कम करने की कवायद

कटनी, यशभारत। गणपति बप्पा की विदाई को श्रद्धालुओं के लिए आसान और सुरक्षित बनाने नगर निगम ने इस बार विसर्जन व्यवस्था को शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने की पहल की है। अब श्रद्धालुओं को प्रतिमा विसर्जन के लिए दूर के घाटों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। अनंत चतुर्दशी पर शहर के 8 प्रमुख स्थानों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में बनाए गए विसर्जन कुंड उपलब्ध रहेंगे, जहां श्रद्धालु विधिवत प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे।

इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल सुविधा देना ही नहीं, बल्कि विसर्जन के दौरान प्रमुख घाटों पर बनने वाली भीड़ को कम करना और नदी-तालाबों को प्रतिमा एवं पूजन सामग्री से होने वाले प्रदूषण से बचाना भी है। मोहल्लों के नजदीक व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी, वहीं यातायात और सुरक्षा प्रबंधन भी अधिक व्यवस्थित रहने की उम्मीद है।

इन स्थानों पर मिलेंगे विसर्जन कुंड

मानसरोवर कॉलोनी तिराहा, कटायेघाट, हीरागंज नई बस्ती, सुभाष चौक, सिविल लाइन, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, दुर्गा चौक और पन्ना मोड़ पर विसर्जन वाहन उपलब्ध रहेंगे। निगम की टीमें निर्धारित समय के अनुसार इन वाहनों को संबंधित क्षेत्रों में पहुंचाएंगी।

आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण

ट्रैक्टर-ट्रॉली में बनाए गए इन कृत्रिम कुंडों में विसर्जन से प्रतिमाओं और पूजन सामग्री को सीधे प्राकृतिक जलस्रोतों में जाने से रोकने में मदद मिलेगी। निगम की इस व्यवस्था से एक ओर श्रद्धालुओं को घर के नजदीक सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा।

महापौर प्रीति सूरी, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शहरवासियों एवं गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि वे नजदीकी निर्धारित स्थल पर उपलब्ध विसर्जन कुंड का उपयोग करें और बप्पा की विदाई को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण हितैषी बनाने में सहयोग दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button