सीट बेल्ट चेकिंग पर सुलग उठा खाकी बनाम काला कोट का विवाद, देर रात थाने में गूंजे पुलिस विरोधी नारे

सीट बेल्ट चेकिंग पर सुलग उठा खाकी बनाम काला कोट का विवाद, देर रात थाने में गूंजे पुलिस विरोधी नारे
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में मंगलवार रात पुलिस और वकीलों के बीच की तनातनी अचानक उग्र संघर्ष में बदल गई। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते भारी हंगामे में तब्दील हो गया, जिसके बाद करीब 50 वकीलों ने देर रात 3 बजे तक थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
सीट बेल्ट न पहनने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम खटलापुरा मंदिर मार्ग पर पुलिस द्वारा वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान कार सवार अधिवक्ता राकेश रावल (45) को सीट बेल्ट न लगाने पर रोका गया। अधिवक्ता का आरोप है कि जब उन्होंने वाहन में पेट्रोल खत्म होने की बात कही, तो पुलिसकर्मी भड़क गए और उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें कीचड़ में पटककर डंडों से पीटा। अधिवक्ताओं द्वारा जारी एक वीडियो में वकील के पैरों पर गंभीर चोटों के निशान और कपड़े कीचड़ से सने साफ नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बहस का वीडियो
घटना का दूसरा पहलू भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अधिवक्ता चेकिंग टीम से बहस करते और वकालत का रौब दिखाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान जब ट्रैफिक पुलिस एसीपी अजय बाजपेई ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो अधिवक्ता द्वारा कथित तौर पर उन्हें अभद्र गालियां दी गईं।
थाने का घेराव, टीआई सहित अमले पर कार्रवाई की मांग
अपने साथी से मारपीट की खबर फैलते ही देर रात दर्जनों अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंच गए और पूरे परिसर को घेर लिया। आक्रोशित वकीलों ने थाना प्रभारी राजन अहिरवार और मारपीट में शामिल पुलिसकर्मियों पर सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। वकीलों के कड़े रुख के कारण देर रात तक थाने में तनाव की स्थिति बनी रही।
इनका कहना है..
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया है। दोनों पक्षों के दावों और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर नियमनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान







