कटनी

सूने मकान में चोरी का खुलासा किया कुठला पुलिस ने, एक आरोपी गिरफ्तार, जेवरात एवं नगद रूपए बरामद

कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इन्द्रानगर में घर का ताला तोडक़र सोने-चांदी के आभूषण और नगद रूपए चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात एवं नगदी रकम बरामद कर विधिवत जप्त की है। कुठला थाना प्रभारी अखलेश दाहिया ने बताया कि इन्द्रानगर गली नंबर 1 निवासी राकेश केशरवानी ने बताया कि वह पत्नी और बच्चों के साथ घर से बाहर गए थे। रात करीब 1 बजे वापस लौटने पर घर का बाहरी ताला टूटा मिला। अंदर आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने की चैन, लॉकेट, पंचाली, अंगूठी, बच्चों के सोने के लॉकेट, चांदी के आभूषण एवं बर्तन तथा नगदी रकम गायब मिली। मामले में कुठला पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग की। जांच के दौरान पुलिस ने 21 सितंबर को इन्द्रानगर गली नंबर 6 निवासी 24 वर्षीय लाला उर्फ मुकेश निषाद पिता लोकराज निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मोहित के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात एवं नगदी रकम बरामद कर जप्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button