देह व्यापार के अड्डों पर पुलिस की छापामार कार्रवाई से हडक़म्प, दो महिलाओं सहित पांच पुरुषों के खिलाफ एफआईआर

कटनी, यशभारत। बरगवां के स्पा सेंटरों पर हुई कार्रवाई के बाद शहर में संचालित अन्य स्पा सेंटरों पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ गई है। इस कार्रवाई के बाद देह व्यापार के अड्डों पर हडकम्प मचा हुआ है। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों और सूचनाओं के बाद पुलिस ने रविवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्पा सेंटरों पर दबिश दी। डीएसपी शिवा पाठक और महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व में बरगवां क्षेत्र स्थित आवां स्पा सेंटर तथा कटाएघाट मोड़ के समीप स्थित नेचरल हाई स्पा सेंटर में अचानक जांच की। पुलिस के अनुसार दोनों स्पा सेंटरों से 16 लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। जिसमे 10 महिलाएं और 6 पुरूष शामिल है। नेचरल हाई स्पा सेंटर से 5 पुरुष और 5 महिलाएं, जबकि आवां स्पा सेंटर से 1 पुरुष और 5 महिलाएं मिलीं। पुलिस ने दोनों स्थानों से आपत्तिजनक सामग्री, टैबलेट्स और शराब की बोतलें मिलने की जानकारी दी है।
एसपी ने बनाई थी स्पेशल टीम
शहर के कुछ स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियों को लेकर लगातार मिल रही सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देशन पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने रविवार को अलग-अलग स्थानों पर अचानक पहुंचकर स्पा सेंटरों की जांच की। पुलिस ने सेंटरों में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ वहां संचालित गतिविधियोंए आवश्यक दस्तावेजों और अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
बाहर के राज्यों की महिलाओं की मौजूदगी की भी जांच
पुलिस के मुताबिक दोनों सेंटरों में काम करने वाली महिलाओं में मध्यप्रदेश के अलावा अन्य राज्यों की महिलाएं भी शामिल हैं। कुछ महिलाओं के असमए हरियाणा और पश्चिम बंगाल से होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उनकी पहचान, दस्तावेजों और स्पा सेंटर में काम करने से संबंधित वैधानिक स्थिति की जांच कर रही है।
संचालकों की तलाश और आगे की कार्रवाई
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ स्पा सेंटर संचालकों के मौके से चले जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब सेंटरों के वास्तविक संचालकों और वहां संचालित गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। डीएसपी शिवा पाठक ने बताया कि डीएसपी शिवा पाठक ने बताया कि देर रात तक चली जांच के बाद पुलिस की टीम ने दो महिलाओं सहित पांच पुरुषों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार का मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
इन पर मामला दर्ज
पुलिस ने नेचुरल स्पा सेंटर से कावसजी वार्ड निवासी 22 वर्षीय अंकित पंथी को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि अंकित स्पा सेंटर का मैनेजर है। इसके अलावा सोनी का मोहल्ला बरही निवासी 52 वर्षीय अमरजीत ताम्रकार, कुंदन दास स्कूल के सामने माधवनगर निवासी 31 वर्षीय विधान राय, पाठक कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय आनंद रजक, स्लीमनाबाद भाटा निवासी 19 वर्षीय अनंत राम वंशकार सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले में स्पा सेंटर की संचालिका और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 (4) 3 (5) तथा अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5, 6 और 7 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।







