आसमान से बरसी मौत : मवेशी चराने गए 3 बच्चों पर काल बनकर गिरी बिजली , 12 वर्षीय बालक की जान गई, दो झुलसे…. देखें पूरा वीडियो

यशभारत डिंडोरी/ बजाग।बजाग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलाईखार में आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। मवेशी चराने के लिए जंगल गए तीन बालक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में एक बालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बालक मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और आकाशीय बिजली गिरने से तीनों इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद घायल बालकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। हादसे में गोविंद उम्र 12 वर्ष की मौके पर ही मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल दोनों बालकों का उपचार कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बजाग पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।







