आपसी बातचीत के बाद मामला सुलझा

जबलपुर,यशभारत। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत यादव कॉलोनी पुलिस चौकी के कछपुरा इलाके में बीती शाम गाड़ी की टक्कर को लेकर विवाद के बाद कुछ युवकों ने एक पुलिसकर्मी के साथ जमकर मारपीट कर दी। अचानक हुए हंगामे से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर यादव कॉलोनी चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा और पुलिसकर्मी तथा युवकों को चौकी ले गया।
जानकारी के मुताबिक पुलिसकर्मी की गाड़ी की कुछ युवकों की गाड़ी से टक्कर हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
बताया जा रहा है कि संबंधित पुलिसकर्मी लॉर्डगंज या मदनमहल थाना क्षेत्र में पदस्थ नहीं है, बल्कि शहर के किसी अन्य थाने में पदस्थ है। घटना के बाद चौकी पुलिस दोनों पक्षों को लेकर पहुंची, लेकिन देर तक चली बातचीत के बावजूद किसी भी पक्ष ने घटना को लेकर लिखित शिकायत नहीं दी। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया, जिसके चलते कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिसकर्मी के साथ हुई मारपीट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।







