इंजीनियरिंग कॉलेज के पास स्थित प्रोफेसर कॉलोनी के दुर्गा मंदिर में चोरों का धावा
चांदी का छत्र और साउंड बॉक्स सहित सामान पार

जबलपुर,यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने स्थित प्रोफेसर कॉलोनी के दुर्गा मंदिर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर मंदिर का सामान चोरी कर लिया। चोर मंदिर में रखा साउंड बॉक्स, चांदी का छत्र सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सुबह मंदिर में चोरी की जानकारी सामने आते ही श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मंदिर को निशाना बनाया। मंदिर में रखे सामान को खंगालने के बाद चोर कीमती सामग्री लेकर फरार हो गए। सुबह मंदिर पहुंचने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चोरों का सुराग लगाने के लिए मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने आरोपी शामिल थे और वे किस रास्ते से आए और फरार हुए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मंदिर में हुई चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। क्षेत्रीय लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।







