पिपलानी पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपियों को किया गिरफ्तार

पिपलानी पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपियों को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना पिपलानी पुलिस ने जान से मारने की नियत से हमला करने वाले चार आरोपियों को तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 सितंबर की रात करीब 09:30 बजे फरियादी सन्नी ओड ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि गाली-गलौज की बात को लेकर उसके भाई हर्ष ओड पर उसके दोस्तों साहिल करोसिया, आकाश करोसिया, अनुज कासिव और कृष्णा करोसिया ने एकराय होकर हाथ मुक्कों व डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण हर्ष को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रिका सिंह यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर पुराना शिव नगर निवासी चारों आरोपियों साहिल करोसिया, आकाश करोसिया, अनुज कासिव व कृष्णा करोसिया को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।







