भोपाल में जले ढाई लाख दीप, गूंजा सेवा और जनकल्याण का संदेश
भोपाल, यश भारत। सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार शाम भोपाल जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के 17 और ग्रामीण क्षेत्र के 11 स्थानों पर सामूहिक रूप से करीब ढाई लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ऐतिहासिक स्मारकों, प्रमुख चौराहों, घाटों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों के साथ गांवों के देवस्थलों, तालाबों और सामुदायिक परिसरों में दीप जलाकर सेवा, समर्पण, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम में महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यती सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई। इस अवसर पर गंगानगर, 12 नंबर स्टॉप, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी आवासीय परिसर और भौंरी आवासीय परियोजना के एलआईजी, एमआईजी तथा नॉन-स्लम ईडब्ल्यूएस आवास के 51 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। इसके साथ ही 80 हितग्राहियों को स्थायी आवंटन पत्र वितरित किए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोशन हुए देवस्थल और सार्वजनिक परिसर
ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत चंदेरी के रामदेव बाबा मंदिर प्रांगण, अरेड़ी के अमृत सरोवर, ईमलिया में तालाब मंदिर के पास, पाटनिया के हनुमान मंदिर, ईंटखेड़ी सड़क स्थित नदी के पास, अमोनी के पटेल बाबा मंदिर, सिकंदराबाद के सामुदायिक शेड, बगरोदा के तालाब मंदिर, बरखेड़ी बाजयाफ्त में तालाब नर्सरी के पास, बरखेड़ा बोंदर में पाठशाला तालाब के पास तथा फंदा कलां के हरिहर मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
दीपों की रोशनी से शहर से लेकर गांव तक का वातावरण भक्तिमय और उत्सवी नजर आया। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा और सामाजिक सहभागिता के साथ जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।