हॉस्टल के कमरे में फंदे पर मिला इंजीनियरिंग छात्र का शव
काफी समय से तनाव में था छात्र

जबलपुर, यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र में गांधी व्यायाम शाला के पीछे स्थित एक निजी हॉस्टल में उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां रहने वाले 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बरही, कटनी निवासी ओम पांडे के रूप में हुई है। वह जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में मैकेनिकल इंजीनियरिंग का चौथे वर्ष का छात्र था।
जानकारी के मुताबिक ओम हॉस्टल के कमरे में अपने रूम पार्टनर के साथ रहता था। घटना के समय उसका रूम पार्टनर किसी अन्य मित्र से मिलने के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान ओम कमरे में अकेला था। कुछ देर बाद जब साथी वापस लौटा तो कमरे में ओम को फंदे पर लटका देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्र भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओम पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। तबीयत खराब रहने के कारण उसके कुछ विषयों के पेपर बैक हो गए थे, जिसे लेकर वह परेशान चल रहा था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुलिस जांच कर रही है। मौके से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और मृतक के साथियों से पूछताछ कर रही है। घटना की खबर मिलते ही ओम के परिजनों और साथी छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई। एक होनहार छात्र के इस तरह चले जाने से परिवार सदमे में है।






