भोपाल

सरकारी कर्मचारियों के अलाउंस की समीक्षा कर रही सरकार, 85 हजार पदों पर भर्ती जारी

सरकारी कर्मचारियों के अलाउंस की समीक्षा कर रही सरकार, 85 हजार पदों पर भर्ती जारी
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश सरकार सरकारी विभागों में कर्मचारियों को दिए जाने वाले विभिन्न प्रकार के अलाउंस की समीक्षा कर रही है। इसका उद्देश्य वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप कर्मचारियों को लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह में यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अभियंताओं सहित सभी सरकारी कर्मचारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विभिन्न विभागों में 85 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वहीं, एक लाख से अधिक पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। 
फ्लायऐश आधारित सीमेंट से बनेंगी सड़कें
समारोह के दौरान सीएसआईआर, एम्प्री भोपाल और मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग के बीच इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण को लेकर एमओयू किया गया। इसे अपनी तरह का पहला प्रयोग बताया गया है। इसके तहत फ्लायऐश आधारित सीमेंट के उपयोग से सड़क निर्माण की तकनीक पर काम किया जाएगा।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि पिछले नौ महीनों में प्रदेश के करीब 85 प्रतिशत इंजीनियरों को प्रशिक्षण दिया गया है। सीएसआईआर और एम्प्री के साथ हुए एमओयू से सड़क निर्माण की नई तकनीक विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से सीमेंट की मात्रा कम अथवा बिना सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण की तकनीक विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
अभियंताओं का सम्मान
इंजीनियर्स डे समारोह में ईश्वर सिंह चंदेली, मानवेंद्र सिंह सेंगर, मनीष कुमार शर्मा, अर्चित लाहौटी, अमन अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, नितिन बरसैया, राजेश दायमा, शशांक शर्मा, हर्षिता वार्ष्णेय, दीपक नामदेव, साहित्य तिवारी, अनिल श्रीवास्तव, पुष्कल प्रताप, मोहन किशोर, महेंद्र डोलिया, शिवेंद्र सिंह, रामसिंह रघुवंशी और आशीष मंडल को सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त सचिव लोक निर्माण विभाग सतीश चंद्र पांडे और सेवानिवृत्त प्रमुख अभियंता जीएस पल्नितकर को विशेष सम्मान दिया गया। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button