
जबलपुर, यश भारत। आगामी गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सोमवार को छोटी लाइन फाटक, अंधमुख चौराहा, गौरीघाट और भटौली स्थित विसर्जन कुंड का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने भटौली विसर्जन कुंड की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि विसर्जन कुंड पूरी तरह व्यवस्थित और तैयार है। नर्मदा नदी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए कुंड में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके बाद अंधमुख चौराहे का निरीक्षण किया गया। निगमायुक्त ने चौराहे को और व्यवस्थित करने, यातायात प्रवाह सुगम बनाने तथा आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। छोटी लाइन फाटक से गौरीघाट तक मार्ग पर भी स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा गया।
निगमायुक्त ने छोटी लाइन फाटक से गौरीघाट तक चल रहे सड़क मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री जागेंद्र सिंह, उद्यान अधिकारी मनीष तड़से, अतिक्रमण अधिकारी केके रावत, संभागीय अधिकारी पंकज अवस्थी, सहायक यंत्री अंकुर नाग, आशीष पाटकर, वीरेंद्र पांडे, अभिषेक तिवारी और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







