बीना में यार्ड रीमॉडलिंग कार्य का असर, कटनी से गुजरने वाली टे्रनें रहेंगी प्रभावित, त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

कटनी, यशभारत। बीना और आगासौद स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन को जोडऩे के लिए चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य का असर कटनी से होकर गुजरने वाली यात्री ट्रेनों पर पड़ेगा। रेलवे ने 20 सितंबर से 16 अक्टूबर तक अलग-अलग तारीखों में चलने वाली 20 यात्री ट्रेनों को निरस्त किया है। इनमें रानी कमलापति संतरागाछी हमसफर एक्सपे्रस एवं बीना-कटनी मुड़वारा भी प्रभावित रहेगी। इन ट्रेनों के निरस्त होने की वजह से कटनी के यात्रियों को बीना और अन्य रूट जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और अन्य वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ेगा। रेलवे के अनुसार यार्ड रीमॉडलिंग पूरा होने के बाद बीना और आगासौद स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। इससे ट्रेनों के संचालन और ठहराव का बेहतर प्रबंधनए परिचालन दक्षता और समयपालन में सुधार होने की उम्मीद है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सितंबर-अक्टूबर में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, मार्ग, ठहराव और प्रस्थान गंतव्य स्टेशन की जानकारी जरूर जांच लें।






