इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन से राजधानी में इलाज से लेकर ट्रैफिक तक प्रभावित – स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर दूसरे दिन भी धरना जारी , आज ओपीडी बंद

इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन से राजधानी में इलाज से लेकर ट्रैफिक तक प्रभावित
– स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर दूसरे दिन भी धरना जारी , आज ओपीडी बंद
– सीएम हाउस जाने वाले रास्ते पर जाम, दमन हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में इंटर्न किलोल पार्क के सामने सड़क पर धरने पर बैठे रहे। आंदोलन के समर्थन में डॉक्टर संगठनों ने मंगलवार को नियमित ओपीडी सेवाएं बंद रखने का फैसला किया है। इसका सीधा असर अस्पताल पहुंचने वाले सामान्य मरीजों पर पड़ सकता है। हालांकि गंभीर मरीजों के लिए आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं जारी रहेंगी।
इंटर्न डॉक्टर वर्तमान में करीब 14 हजार रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलने की बात कह रहे हैं। उनकी मांग है कि इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रतिमाह किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अस्पतालों में मरीजों की देखभाल और चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद मौजूदा स्टाइपेंड उनकी भूमिका और काम के अनुरूप नहीं है। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।
हमीदिया से मार्च के बाद बढ़ा विरोध
आंदोलन की शुरुआत में इंटर्न डॉक्टरों ने हमीदिया अस्पताल से मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च किया था। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक उन्हें रोकने के दौरान वाटर कैनन और बल प्रयोग किया गया। इस कार्रवाई को लेकर डॉक्टरों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर सड़क पर उतर आए और मुख्यमंत्री निवास की ओर जाने वाले मार्ग को बाधित कर दिया।
प्रदर्शन के कारण मौके पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। जाम में एंबुलेंस के फंसने की सूचना से मरीजों की आवाजाही को लेकर भी चिंता बढ़ी। पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और यातायात को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए।
गिन्नौरी रोड पर दो किमी तक वाहनों की कतार

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने किलोल पार्क से लालघाटी तक गिन्नौरी रोड पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी। दोपहिया वाहनों को निकलने की अनुमति दी गई, लेकिन चार पहिया वाहनों के लिए रास्ता बंद होने से सड़क पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने के कारण पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की। प्रदर्शन स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।
ओपीडी बंद होने से बढ़ेगी मरीजों की परेशानी
डॉक्टर संगठनों के फैसले के कारण मंगलवार को नियमित ओपीडी प्रभावित रहेगी। फॉलोअप, सामान्य जांच, दवा संबंधी परामर्श और अन्य गैर-आपात सेवाओं के लिए अस्पताल आने वाले मरीजों को परेशानी हो सकती है। दूर-दराज से आने वाले मरीजों के लिए स्थिति अधिक मुश्किल होगी। ओपीडी प्रभावित होने के बाद अगले कार्यदिवस पर अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
दमन हुआ तो प्रदेशभर में डॉक्टर उतरेंगे मैदान में
सोमवार को भोपाल में हुए प्रदर्शन में चिकित्सक समुदाय के लोगों ने भी इंटर्न डॉक्टरों का समर्थन किया। मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश मालवीय ने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों की मांगों का समाधान बातचीत के जरिए होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन के दौरान इंटर्न डॉक्टरों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की गई तो प्रदेशभर के डॉक्टर एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।







