पेसा मोबिलाइजर्स के आंदोलन को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का समर्थन 14 दिन से भोपाल में धरना, सरकार के पास 5200 युवाओं की बात सुनने तक का समय नहीं : सिंघार भोपाल,यश भारत

पेसा मोबिलाइजर्स के आंदोलन को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का समर्थन
14 दिन से भोपाल में धरना, सरकार के पास 5200 युवाओं की बात सुनने तक का समय नहीं : सिंघार
भोपाल,यश भारत। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोमवार को अंबेडकर पार्क पहुंचकर पिछले 14 दिनों से मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पेसा मोबिलाइजर्स से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आंदोलनरत युवाओं को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ खड़े हैं और न्याय एवं अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। सिंघार ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के करीब 5 200 पेसा मोबिलाइजर्स को एक झटके में बेरोजगार कर दिया है। यह केवल हजारों युवाओं के रोजगार का मामला नहीं बल्कि उनके परिवारों की आजीविका भविष्य और सम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि 14 दिनों से पेसा मोबिलाइजर्स राजधानी में धरने पर बैठे हैं लेकिन आदिवासियों और उनके अधिकारों की बात करने वाली सरकार के पास उनकी समस्याएं सुनने तक का समय नहीं है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पेसा मोबिलाइजर्स सरकार और आदिवासी ग्राम सभाओं के बीच महत्वपूर्ण जमीनी कड़ी के रूप में काम करते रहे हैं। उन्होंने गांव-गांव जाकर ग्राम सभाओं को सक्रिय करने और कानून के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में उनकी सेवाएं समाप्त किए जाने का असर पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम सभाओं की सक्रियता पर पड़ सकता है। सिंघार ने कहा कि पेसा कानून केवल भाषणों और पोस्टरों से जमीन पर लागू नहीं हो सकता। इसके लिए गांवों में लगातार काम करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है। पेसा मोबिलाइजर्स ने वर्षों तक कम मानदेय पर गांव गांव जाकर सेवाएं दीं लेकिन आज सरकार उनके अनुभव और मेहनत को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार छिनने से हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगी और पेसा मोबिलाइजर्स को उनका अधिकार एवं न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।






