खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुसार बेहतर होंगी स्टेडियम सुविधाएं

खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुसार बेहतर होंगी स्टेडियम सुविधाएं
– संचालक चंचल शेखर ने कोलार स्टेडियम का निरीक्षण कर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से किया संवाद
भोपाल, यश भारत । खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक चंचल शेखर ने शनिवार को कोलार स्थित श्यामप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों से सीधे संवाद कर प्रशिक्षण, अभ्यास और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी समस्याएं और जरूरतें भी जानीं। स्टेडियम में फुटबॉल, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, जूडो सहित अन्य खेलों के खिलाड़ी प्रशिक्षण लेते हैं। संचालक ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिताओं की तैयारियों, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण व्यवस्था के बारे में चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और आवश्यकताओं को समझने के लिए प्रशिक्षकों से भी जानकारी ली। चंचल शेखर ने प्रशिक्षकों से कहा कि खिलाड़ियों की फिटनेस के साथ उनके तकनीकी कौशल को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण की रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया।







