रफी, किशोर और मुकेश के नगमों से सजी संगीत की शाम

रफी, किशोर और मुकेश के नगमों से सजी संगीत की शाम
भोपाल, यश भारत। कोलार रोड स्थित चाइना टेरेस में रविवार को नीलकंठ संगीत ग्रुप भोपाल की ओर से आयोजित 3 इक्का कराओके नाइट में रफी, किशोर कुमार और मुकेश के सदाबहार नगमों ने संगीत प्रेमियों को यादों के सफर पर पहुंचा दिया। मंच पर एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि देर तक पूरा परिसर तालियों और गीतों से गूंजता रहा। प्रतिभागियों ने रफी, किशोर कुमार और मुकेश के लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत किया। कई प्रस्तुतियों में गायकों ने मूल गायकों की गायकी की शैली और भावों को बखूबी प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान गायकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रतिभा और संगीत के प्रति लगाव के लिए उदय पंधारे को फैन ऑफ किशोर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं एनपी बाजपेयी और उषा श्रीवास्तव को उनकी लगातार प्रभावी प्रस्तुतियों के लिए राइजिंग स्टार अवॉर्ड प्रदान किया गया। सम्मान मिलते ही उपस्थित संगीत प्रेमियों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
आयोजक नीलकंठ संगीत ग्रुप भोपाल की वंदना और मनराज सिंह ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य पुराने सदाबहार संगीत को नई पीढ़ी और संगीत प्रेमियों से जोड़ना है। साथ ही शहर के स्थानीय गायकों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।







