भोपालमध्य प्रदेश

पेट्रोल में पानी की शिकायत पर पंप संचालक की सफाई, BPCL की जांच टीम मौके पर पहुंची

पेट्रोल में पानी की शिकायत पर पंप संचालक की सफाई, BPCL की जांच टीम मौके पर पहुंची

भोपाल, यशभारत। पुष्प नगर स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायतों के बाद पेट्रोल पंप संचालक टीपू खान ने मामले में अपनी सफाई दी है। उन्होंने यश भारत से बातचीत में कहा कि पेट्रोल पंप की ओर से किसी प्रकार की मिलावट नहीं की गई है। उनका दावा है कि भारत पेट्रोलियम कंपनी से ही ऐसा पेट्रोल सप्लाई हुआ, जिसमें एथेनॉल में नमी के कारण पेट्रोल और पानी अलग हो गया।

पेट्रोल पंप संचालक टीपू खान ने बताया कि पेट्रोल में नमी के कारण ग्राहकों की गाड़ियों में परेशानी सामने आई। शिकायत मिलने के बाद पंप प्रबंधन ने प्रभावित वाहन मालिकों को अपनी ओर से आर्थिक सहायता दी और उनकी गाड़ियों की मरम्मत भी करवाई।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप पिछले करीब 15 वर्षों से संचालित है और इस दौरान प्रतिष्ठा बनाने में काफी समय लगा है। ऐसे में पंप पर लगाए जा रहे आरोपों से उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।

टीपू खान के मुताबिक मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए भारत पेट्रोलियम कंपनी की टीम को मौके पर बुलाया गया है। कंपनी की टीम फिलहाल पेट्रोल पंप पर पहुंचकर पेट्रोल के सैंपल और पूरी व्यवस्था का निरीक्षण कर रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी की जांच के बाद ही पेट्रोल में पानी आने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पंप संचालक ने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में पेट्रोल पंप या पंप मालिक की कोई गलती नहीं है और कंपनी की टीम द्वारा की जा रही जांच से स्थिति साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को हुई परेशानी को देखते हुए पंप प्रबंधन ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रभावित लोगों की मदद की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button