CPCT की अनिवार्यता के खिलाफ कर्मचारियों ने जलाई आदेश की होली
जबलपुर, यश भारत।

CPCT की अनिवार्यता के खिलाफ कर्मचारियों ने जलाई आदेश की होली
जबलपुर, यश भारत। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा जबलपुर ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति में सीपीसीटी की अनिवार्यता के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन किया। प्रांतीय महामंत्री अजय कुमार दुबे के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन प्रेषित किया और सीपीसीटी आदेश की प्रतीकात्मक होली जलाकर विरोध जताया।
संघ ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में वर्षों से सेवाएं दे रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदोन्नति का अधिकार है, लेकिन सीपीसीटी की अनिवार्यता के कारण कर्मचारी पदोन्नति से वंचित हो रहे हैं। संघ ने मांग की कि सीपीसीटी की अनिवार्यता तत्काल समाप्त या शिथिल की जाए और सेवा अवधि एवं अनुभव के आधार पर पदोन्नति का अवसर दिया जाए।
अजय कुमार दुबे ने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु के कई कर्मचारी लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। संघ के अनुसार प्रदेश के 55 जिलों और 10 संभागों में आंदोलन किया गया। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई।







