कुएं में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम

कुएं में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम
भोपाल, यशभारत। राजधानी के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम आमला में गुरुवार को नहाने गए एक 14 वर्षीय बालक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आमला निवासी अंकित कर्मा (14) गुरुवार को गांव के ही एक कुएं पर नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान वह अचानक कुएं की गहराई में चला गया और खुद को संभाल नहीं पाया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद घटना का पता चला।
घटना की सूचना मिलते ही रातीबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। शुक्रवार को पुलिस ने मर्ग दर्ज कर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घटना के समय वहां और कौन मौजूद था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।






