कर्बला के शहीदों की याद में निकला चेहल्लुम का कदीमी मातमी जुलूस सफिया कॉलेज से पीरगेट तक गूंजा नौहाख्वानी और मातम, बड़ी संख्या में अकीदतमंद हुए शामिल भोपाल यश भारत

कर्बला के शहीदों की याद में निकला चेहल्लुम का कदीमी मातमी जुलूस
सफिया कॉलेज से पीरगेट तक गूंजा नौहाख्वानी और मातम, बड़ी संख्या में अकीदतमंद हुए शामिल
भोपाल यश भार। इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में रविवार को राजधानी में चेहल्लुम का कदीमी मातमी जुलूस निकाला गया। सफिया कॉलेज परिसर से शुरू हुआ जुलूस पीरगेट तक पहुंचा। इसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और नौहाख्वानी व मातम के जरिए शोहदा ए कर्बला को खिराज ए अकीदत पेश किया। जुलूस से पहले सफिया कॉलेज परिसर में मजलिस ए अजा का आयोजन किया गया। मजलिस को वासी हसन खान ने खिताब किया। इस दौरान कर्बला की घटना इमाम हुसैन और उनके साथियों की कुर्बानी तथा उनके संदेश को याद किया गया। मजलिस के बाद अकीदतमंद मातमी जुलूस के रूप में रवाना हुए। जुलूस में शामिल लोगों ने नौहाख्वानी और मातम के माध्यम से कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। पूरे मार्ग में माहौल गमगीन रहा। अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन के प्रति अपनी श्रद्धा और कर्बला के शहीदों की कुर्बानियों को याद किया। भोपाल में चेहल्लुम का यह मातमी जुलूस नवाबी दौर से चली आ रही पुरानी परंपरा का हिस्सा माना जाता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होकर कर्बला के शहीदों की याद ताजा करते हैं। आयोजन के माध्यम से इंसाफ इंसानियत सब्र और हक के लिए संघर्ष के संदेश को याद किया गया। चेहल्लुम का दिन कर्बला के शहीदों की याद में मनाया जाता है और मातमी जुलूस इसी ऐतिहासिक और धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम है। भोपाल में इस आयोजन को लेकर अकीदतमंदों में विशेष उत्साह देखने को मिला।







