सागर शराब त्रासदी : लगातार बढ़ रहा मौत का आंकड़ा, तीन गांवों से तीन मौतों की सूचना
पुलिस-प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के आंकड़ों को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं

सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात तीन अलग-अलग गांवों के तीन लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। हालांकि इनमें से एक मामले में अस्पताल प्रबंधन ने अभी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार छापरी निवासी 38 वर्षीय अरविंद पुत्र मुकुंदी विश्वकर्मा की बीती रात बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि अरविंद को कैजुअल्टी से आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। इसके अलावा धुरमार निवासी 32 वर्षीय रामस्वरूप पुत्र मलखान अहिरवार की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है।
इसी क्रम में रिझावर सानौधा निवासी 50 वर्षीय नर्मदा पुत्र महादेव की मौत की भी सूचना है। हालांकि जिला अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रबंधन का कहना है कि एक डेड बॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए आई थी, लेकिन उसकी पहचान और मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
मौतों के आंकड़ों को लेकर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही मौतों की सूचनाओं के बीच पुलिस-प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पष्ट आंकड़े सामने नहीं आने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया है कि वे स्वयं 33 मृतकों के परिवारों से मिल चुके हैं और उनके अनुसार अब तक 50 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौतों की बढ़ती संख्या और अलग-अलग स्तर से सामने आ रहे दावों के बीच अब प्रशासन की ओर से स्पष्ट और अधिकृत आंकड़े जारी किए जाने की मांग उठ रही है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।







