त्रासदी के बाद अब अवैध शराब मुक्त सागर अभियान: सूचना देने वाले का नाम और पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय

सागर, यशभारत l जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भण्डारण पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए सागर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ऐसे असामाजिक और अवैध कारोबार में लिप्त तत्वों पर कड़ी नजर रख रहा है और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक की आमजन से खास अपील
सागर के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने जिले के आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब से जुड़ी कोई गतिविधि संचालित हो रही है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सूचना देने के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर
नागरिक अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी देने के लिए मोबाइल नंबर 7701055235 पर संपर्क कर सकते हैं।
पहचान रखी जाएगी पूरी तरह गुप्त
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति को डरने या संकोच करने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। सूचना देने वाले का नाम, मोबाइल नंबर और पहचान सर्वथा गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस प्राप्त जानकारी का सत्यापन कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
सागर पुलिस ने संदेश दिया है कि अवैध कारोबार के खिलाफ चुप न रहें; आपकी एक सजग सूचना किसी बड़ी अप्रिय घटना को रोकने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।







