दाद्दाजी घाट में डूबे युवक का शव बरामद, दोस्तों के साथ नहाने गया था
घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल

जबलपुर,यशभारत। तिलवाराघाट थाना क्षेत्र स्थित दाद्दाजी घाट में रविवार शाम नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गए युवक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भानतलैया टेढ़ी नीम निवासी लकी अंसारी (18) रविवार शाम अपने दोस्तों के साथ दाद्दाजी घाट पर नहाने गया था। इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से वह अचानक गहराई में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना के बाद साथियों ने तत्काल तिलवाराघाट थाने पहुंचकर युवक की गुमशुदगी की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद अंधेरा और तेज बहाव के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च अभियान के दौरान युवक का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए घटना के कारणों की जांच की जा रही है।







