जबलपुरमध्य प्रदेश

कछपुरा रेलवे फाटक के पास युवक पर चाकू-बका से जानलेवा हमला, FIR के लिए भटक रहा परिवार

एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

जबलपुर,यशभारत। यादव कॉलोनी पुलिस चौकी क्षेत्र में कछपुरा रेलवे फाटक के समीप 6 अगस्त की शाम एक युवक पर चाकू और बका से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक नीरज चढ़ार का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। परिजनों का आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस ने न तो घायल के बयान दर्ज किए हैं और न ही मामले में एफआईआर दर्ज की है।

परिजनों के मुताबिक नीरज ठेकेदारी का काम करता है। कुछ दिन पहले उसने एक मजदूर को काम से निकाल दिया था। इसी बात को लेकर मजदूर उससे नाराज था। आरोप है कि 6 अगस्त की शाम मजदूर ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर कछपुरा रेलवे फाटक के पास नीरज को घेर लिया और चाकू व बका से उस पर हमला कर दिया। हमले में नीरज को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद से घायल के परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर यादव कॉलोनी पुलिस चौकी और लॉर्डगंज थाने के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है। परिजनों ने जल्द एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं लॉर्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि अस्पताल से युवक के घायल होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई है। जल्द ही घायल के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button