यह टीटीई रेस्ट हाउस है या मौत का ठिकाना..? खंडहर में तब्दील भवन में टली बड़ी घटना
फुफकार रहा था सर्प, मचा हड़कंप

जबलपुर यशभारत। रेलवे के टीटीई कर्मचारियों के लिए बनाए गए रेस्ट हाउस की बदहाल हालत अब किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। मामला पश्चिम मध्य रेल के भोपाल रेल मंडल के इटारसी टीटीई रेस्ट हाऊस का है।जो इटारसी स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में स्थित है। उक्त रेस्ट हाउस में उस समय हड़कंप मच गया, जब हाल के अंदर में सर्प फुफकारता नजर आया। समय रहते कर्मचारी की नजर सर्प पर पड़ गई, जिससे बड़ी घटना टल गई। सर्प को देखकर कर्मचारियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में एक अटेंडर ने अपने साहस का परिचय देते हुए उसे पकड़ा और झाड़ियों में ले जाकर छोड़ दिया गया।
कर्मचारियों की सुरक्षा खड़े हो रहे सवाल
इस संबंध सूत्रों ने बताया कि रेस्ट हाउस लंबे समय से देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। भवन के आसपास झाड़ियां और गंदगी पसरी होने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं के छिपे होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में यहां ठहरने वाले रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्टेशन से है डेढ़ किलोमीटर दूर .आने-जाने में भी डर
इस संबंध में जानकारों का कहना है कि इटारसी रेस्ट हाउस की सबसे बड़ी समस्या इसका सुनसान और जंगल क्षेत्र में होना है। स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर होने के कारण रात के समय कर्मचारियों को यहां आने-जाने में भी डर लगता है। अंधेरा होने के बाद रास्ते में जंगली जीवों के अलावा असामाजिक तत्वों का खतरा भी बना रहता है।
अधिकारी कब लेंगे सुध
इस संबंध में कर्मचारियों का कहना है कि रेस्ट हाउस की हालत सुधारने, साफ-सफाई कराने और आसपास की झाड़ियों की नियमित कटाई कराने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सवाल यह है कि रेलवे प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है या उससे पहले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर जागेगा?
समय रहते सर्प दिख जाना महज संयोग रहा।
बिस्तर तक पहुंच जाता तो परिणाम गंभीर हो जाता
यदि यह जहरीला सर्प किसी कर्मचारी के कमरे या बिस्तर तक पहुंच जाता तो परिणाम गंभीर हो सकते थे। घटना ने रेलवे के उस रेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव की पोल खोल दी है, जहां कर्मचारी मजबूरी में ठहरते हैं।
यहां के स्टाफ को है रुकने की व्यवस्था
जानकारी के मुताबिक इटारसी रेस्ट हाऊस में पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर कटनी भोपाल खंडवा भुसावल सहित अन्य कर्मचारी स्टाफ को इस खंडहर नुमा भवन में रेस्ट करने की सुविधा उपलब्ध है। जहां पर वह इस तरह के जहरीले जीव जन्तुओं के बीच अपनी जान दांव पर लगा कर ठहरने को मजबूर हैं। आखिर संबंधित अधिकारियों ध्यान इस ओर आकर्षित क्यों नहीं हो रहा है …?







