कटनी

खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई, एसडीएम ने मौके पर दी दबिश, दो पिकअप जब्त, दुकान सील

पवई, यशभारत। खरीफ सीजन में खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की कार्रवाई विगत देर शाम तक जारी रही। रात करीब 8 बजे एसडीएम समीक्षा जैन एवं तहसीलदार रत्नराशि पाण्डेय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने नगर के विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहन जब्त किए तथा एक खाद दुकान को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मंडी के पास पकड़ी गई एक पिकअप से 52 बोरी यूरिया बरामद हुईए जबकि रेंज बरिया कन्या शाला के समीप पकड़ी गई दूसरी पिकअप से 50 बोरी यूरिया जब्त की गई। इसके बाद टीम ने उमेश दुबेदी के मकान में संचालित खाद दुकान की जांच की, जहां 60 बोरी खाद मिली। आवश्यक दस्तावेज एवं अनुमति संबंधी अनियमितता मिलने पर दुकान को तत्काल सील कर दिया गया। एसडीएम समीक्षा जैन ने बताया कि खाद की कालाबाजारी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला कालाबाजारी का प्रतीत हो रहा हैए हालांकि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच पन्ना से आने वाली विभागीय टीम करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं सूत्रों के अनुसारए खाद वितरण केंद्र के प्रभारी से कथित सांठगांठ कर कुछ बिचौलियों द्वारा किसानों के लिए आवंटित यूरिया की कालाबाजारी किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में प्रशासन ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच में यदि ऐसे तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद कारोबारियों में हडक़ंप की स्थिति रही। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा कालाबाजारी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button