चाय होटल संचालक की संदिग्ध मौत: केबल स्टे ब्रिज से लगाई छलांग, मोबाइल जांचेगी फोरेंसिक टीम

चाय होटल संचालक की संदिग्ध मौत: केबल स्टे ब्रिज से लगाई छलांग, मोबाइल जांचेगी फोरेंसिक टीम
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब काली मंदिर चटाईपुरा निवासी 22 वर्षीय अहद अली ने रानी कमलापति प्रतिमा के पास स्थित केबल स्टे ब्रिज से छलांग लगा दी। अहद पेशे से चाय की दुकान चलाता था और घटना के समय बिना किसी को बताए दुकान से निकला था।
छलांग लगाने की खबर मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने अहद का शव बाहर निकाला। बुधवार सुबह परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
बिना सुसाइड नोट के गुत्थी उलझी, मोबाइल खोलेगा राज
पुलिस को मौके या मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे कदम उठाने की वजहों को लेकर रहस्य गहरा गया है। पुलिस ने अहद का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि कॉल डिटेल और चैट हिस्ट्री से मौत के पीछे की वजहों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल तलैया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।







