जिले में बढ़ा चोरियों का ग्राफ, शहर से लेकर गांव तक हर रोज वारदात, सूने मकान को निशाना बना रहे तो कहीं वाहनों पर कर रहे हाथ साफ

कटनी, यशभारत। शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में शामिल मिशन चौक में एक बार फिर वाहन चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए घर के बाहर खड़ी स्कूटी पार कर दी। बताया जाता है कि दो अज्ञात युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मिशन चौक निवासी मोहम्मद हसनत ने अपनी गाड़ी क्रमांक एमपी 21 जेडी 9679 घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह करीब 3.58 बजे दो युवक वहां पहुंचे और पहले आसपास का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने स्कूटी के लॉक पर लगातार लात मारकर उसे तोड़ दिया और कुछ ही सेकंड में वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। सीसीटीव्ही फुटेज में दोनों युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। वारदात को जिस बेखौफ अंदाज में अंजाम दिया गया, उसने क्षेत्र के लोगों को हैरान कर दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं लेकिन इनके खुलासे और रोकथाम को लेकर ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना कोतवाली थाना और यातायात चौकी के नजदीक हुई, जहां आमतौर पर पुलिस की गतिविधियां बनी रहती हैं। इसके बावजूद चोरों का इतनी आसानी से स्कूटी चोरी कर ले जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पीडि़त परिवार ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस में दर्ज करा दी है। पुलिस अब सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान करने और स्कूटी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बेहद कम दिखाई देती है, जिसका फायदा उठाकर चोर गिरोह सक्रिय हो रहे हैं। मिशन चौक, माधवनगर, स्टेशन रोड और आसपास के इलाकों में पहले भी कई वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नागरिकों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध युवकों की सघन जांच करने और वाहन चोरी पर विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि चोरों ने बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि शहर में संगठित वाहन चोर गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो सूनसान समय में घरों और दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बना रहा है।
तीन घरों में चोरी, नकदी और जेवर पार
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलवारा खुर्द में चोरी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार शुभम तिवारी पिता स्व. नर्मदा प्रसाद तिवारी 30 वर्ष निवासी कैलवारा खुर्द के यहां अज्ञात चोरों ने सोने चांदी के जेवरात एवं कुछ नकद चोरी किए हैं। इसी प्रकार सिविल लाइन में भूपेन्द्र सिंह के यहां से 75 हजार कीमती ई-रिक्शा चोरी हो गया है। मिशन चौक में मोहम्मद मसनात कुरैशी के यहां से दो पहिया वाहन एमपी 21 जेडडी 9679 कीमती 70 हजार चोरी हो गया है। इसी तरह ढीमरखेड़ा क्षेत्र थाना के ग्राम खमरिया में अज्ञात चोरों ने दो सूने मकानों के ताले तोडक़र नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। जानकारी के अनुसार अशोक कोल परिवार सहित खेत में रोपा लगाने गए थे। इसी दौरान चोर अलमारी से सोने चांदी के जेवर और शादी के लिए रखे 30 हजार रुपये ले गए। वहीं इंद्रपाल गोंड समरसेबल पंप की मरम्मत कराने दूसरे गांव गए थे, तब उनके घर से भी नगदी और जेवरात चोरी हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।






