गौवध मामले में 3 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार निशातपुरा पुलिस ने लंबू उर्फ नफीस को दबोचा

गौवध मामले में 3 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
निशातपुरा पुलिस ने लंबू उर्फ नफीस को दबोचा
भोपाल, यश भारत। राजधानी में फरार और इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत निशातपुरा पुलिस ने गौवध से जुड़े मामले में फरार चल रहे तीन हजार रुपये के इनामी आरोपी लंबू उर्फ नफीस को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस के अनुसार आरोपी कमल नगर निशातपुरा क्षेत्र का निवासी है और थाना निशातपुरा में दर्ज अपराध क्रमांक 652/26 में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान और पुलिस उपायुक्त जोन 4 आदर्शकांत शुक्ला के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन 4 संजीव पाठक एवं सहायक पुलिस आयुक्त निशातपुरा संभाग शशांक जैन के नेतृत्व में थाना प्रभारी मनोज पटवा की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।







