नगर निगम कर्मचारियों की 7 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी मांगों को लेकर कर्मचारी संगठनों ने खोला मोर्चा, सफाई पानी समेत कई सेवाएं प्रभावित होने की आशंका

नगर निगम कर्मचारियों की 7 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
मांगों को लेकर कर्मचारी संगठनों ने खोला मोर्चा, सफाई पानी समेत कई सेवाएं प्रभावित होने की आशंका
भोपाल, यश भारत। भोपाल नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों और अधिकारों को लेकर 7 सितंबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। कर्मचारी संगठनों की ओर से शहरवासियों से अपील की गई है कि वे कर्मचारियों के हक और सम्मान की लड़ाई में एकजुटता का समर्थन करें। कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल शुरू होने पर नगर निगम की नियमित सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। इनमें शहर की सफाई व्यवस्था पेयजल आपूर्ति स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाएं शामिल हैं। लंबे समय तक हड़ताल जारी रहने पर इन सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि वे अपनी मांगों के निराकरण के लिए शासन और निगम प्रशासन से लगातार अपेक्षा कर रहे हैं। अब कर्मचारियों की नजर प्रशासन के निर्णय पर है। हड़ताल को लेकर शहर में भी चिंता बढ़ने लगी है क्योंकि नगर निगम की सेवाएं सीधे तौर पर आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी हैं। कर्मचारियों ने अपने साथियों से हक के लिए डटे रहो एकजुट रहो का आह्वान किया है। अब देखना होगा कि 7 सितंबर से प्रस्तावित हड़ताल को रोकने के लिए शासन और निगम प्रशासन कर्मचारियों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है।







