देश

सोने की खरीद पर पीएम मोदी की अपील, बोले- जरूरत न हो तो न खरीदें; महंगे सोने से बढ़ रहा आयात बिल

सोने की कीमतों में भारी उछाल

नई दिल्ली, एजेंसी। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत की अर्थव्यवस्था के मजबूत प्रदर्शन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों की मेहनत और सामूहिक शक्ति का परिणाम बताया। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर लोगों से गैर-जरूरी सोने की खरीद से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा फैलाने और झूठ के सहारे माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इन चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। उन्होंने कहा कि देश को इसी रफ्तार को बनाए रखते हुए आगे भी तेज आर्थिक विकास करना होगा।

विदेशी मुद्रा बचाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 80 प्रतिशत सोना विदेशों से आयात करता है। सोने की कीमतों में तेजी के कारण आयात पर होने वाला खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में गैर-जरूरी सोने की खरीद कम करने से देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटेगा और रुपये को मजबूती मिलेगी।उन्होंने लोगों से विदेश यात्राओं और विदेश में शादियों पर होने वाले खर्च को भी कम करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों को ‘मेक इन इंडियाÓ के मंत्र के साथ आगे बढऩा चाहिए और स्वदेशी व आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देनी चाहिए।

सोने की कीमतों में भारी उछाल

आंकड़ों के मुताबिक 2025-26 में भारत का सोना आयात बिल करीब 6.4 लाख करोड़ रुपये रहा। ऊंची कीमतों के बावजूद भारत ने पिछले कारोबारी साल के मुकाबले कम मात्रा में सोना खरीदा। इसकी प्रमुख वजह सोने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी रही। सोने का दाम करीब 76 हजार डॉलर प्रति किलोग्राम से बढ़कर एक लाख डॉलर प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गया।
फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत करीब 1.52 लाख डॉलर प्रति किलोग्राम के आसपास है। घरेलू बाजार में भी सोने के दाम रिकॉर्ड स्तर के करीब बने हुए हैं। महंगे सोने का असर ग्राहकों की खरीदारी पर पड़ रहा है और आयात में भी कमी देखी जा रही है। जनवरी में करीब 100 टन, फरवरी में 65 टन और मार्च में करीब 22 टन सोने का आयात हुआ। अप्रैल में इसके करीब 15 टन रहने का अनुमान है, जो पिछले तीन दशकों के सबसे निचले स्तरों में से एक माना जा रहा है।

निवेश के लिए सोने की मांग मजबूत

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार 2026 की पहली तिमाही में भारत में निवेश के उद्देश्य से सोने की मांग आभूषणों की मांग से भी अधिक रही। हालांकि घरेलू बाजार में सोने की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने से आम खरीदार की जेब पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button