रहवासी इलाकों में कारोबार पर निगम का शिकंजा, आज से सीलिंग कार्यवाही तेज 8264 नोटिसों की जांच पूरी, सात थानों का पुलिस बल रहेगा तैनात

रहवासी इलाकों में कारोबार पर निगम का शिकंजा, आज से सीलिंग कार्यवाही तेज
8264 नोटिसों की जांच पूरी, सात थानों का पुलिस बल रहेगा तैनात
भोपाल, यश भारत। रहवासी क्षेत्रों में नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार से शहर के अलग अलग इलाकों में चिन्हित दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। रविवार को निगम अमले ने कई स्थानों पर 24 घंटे के अंतिम नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई के दौरान विरोध या हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहेगा। नगर निगम के मुताबिक 26 अगस्त तक रहवासी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों को कुल 8264 नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों का परीक्षण पूरा कर लिया गया है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों पर अब सीलिंग और अन्य कार्रवाई की जा रही है। निगम का अमला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई के लिए तैनात किया गया है। गौतम नगर में रेसिडेंशियल बिल्डिंग का होटल सील , कार्रवाई के तहत वार्ड 58 के गौतम नगर स्थित रेसिडेंशियल बिल्डिंग में संचालित एक होटल को नगर निगम ने सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार रहवासी भवनों में नियमों के विपरीत कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। सात थानों का पुलिस बल रहेगा मौजूद , कार्रवाई के दौरान मिसरोद कोहेफिजा हबीबगंज गोविंदपुरा रातीबड़ ऐशबाग और कोलार थाना क्षेत्रों से पुलिस बल उपलब्ध रहेगा। निगम का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी , अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि शहर के सभी इलाकों में सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम का अमला अलग अलग क्षेत्रों में तैनात है। जिन लोगों को पहले से नोटिस जारी किए गए थे उनके खिलाफ नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







