पुलिस पर गुंडागर्दी का आरोप, ग्रामीणों ने तिलवारा थाने का किया घेराव, देखे वीडियो…….
महिलाओं से अभद्रता के लगाए गंभीर आरोप

जबलपुर, यशभारत। तिलवारा थाना क्षेत्र के सकरी गांव में पुलिस की कार्यशैली को लेकर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण तिलवारा थाने पहुंचे और थाना परिसर का घेराव कर पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि तिलवारा थाने के कुछ पुलिसकर्मी देर रात बिना किसी पूर्व सूचना के गांव में पहुंचकर घरों में जबरन घुस जाते हैं। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की जाती है। जब परिवार के सदस्य इसका विरोध करते हैं तो उन्हें शराब बेचने या अन्य मामलों में झूठा फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की इस कथित कार्यशैली से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि यदि उनकी शिकायत पर निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए थाने के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।वहीं, तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने ग्रामीणों के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस “नशे से दूरी” अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा कार्रवाई के दौरान अनुचित व्यवहार किए जाने की शिकायत मिली है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे नशा विरोधी अभियान पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि शिकायतों की जांच में क्या निष्कर्ष सामने आते हैं और क्या संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है।







