जबलपुरमध्य प्रदेश

बरगी हादसा: तमिलनाडु भेजे जा रहे पार्थिव शरीरों की व्यवस्था में जुटा प्रशासन, कलेक्टर-एसपी खुद संभाल रहे मोर्चा

दो शव और दो परिजन रवाना; शेष चार परिजन भी रवाना

जबलपुर, यश भारत। बरगी बांध हादसे के बाद तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली भेजे जाने वाले मृतकों के पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक उनके गृह प्रदेश पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी स्वयं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय कर रहे हैं, ताकि शोकाकुल परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अंतिम यात्रा गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

06 2

जानकारी के अनुसार, पार्थिव शरीरों को एक साथ रवाना करने के लिए विशेष कार्गो फ्लाइट की व्यवस्था की गई थी, लेकिन तकनीकी खराबी आने के कारण सभी को एक साथ भेजना संभव नहीं हो सका। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए उपलब्ध फ्लाइट के माध्यम से दो पार्थिव शरीरों के साथ दो परिजनों को तिरुचिरापल्ली के लिए रवाना कर दिया, जबकि शेष परिजनों को अन्य फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था तेजी से की जा रही है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल कार्गो फ्लाइट बुलाने के लिए एयर ट्रैफिक सर्विस (एटीएस) की अनुमति सहित कई तकनीकी और प्रशासनिक मापदंडों को पूरा करना होता है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद ही कार्गो विमान एयरपोर्ट पर लैंड करता है और आगे की प्रक्रिया शुरू होती है। यही वजह है कि इस तरह की व्यवस्थाओं में निर्धारित समय और समन्वय की आवश्यकता होती है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ हरसंभव सहयोग किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर तेजी से काम चल रहा है, ताकि शेष पार्थिव शरीरों और परिजनों को भी जल्द से जल्द सुरक्षित और सम्मानपूर्वक उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। बरगी हादसे के बाद प्रशासन की प्राथमिकता राहत, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है, जिसके लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button