माधवनगर थाने से फरार आरोपी का पुलिस को अब तक नहीं लगा सुराग, पुलिस को चकमा देकर अभिरक्षा से फरार हुआ चोरी का आरोपी, कई ठिकानों पर दबिश

कटनी, यशभारत। माधवनगर पुलिस की अभिरक्षा से फरार हुए चोरी के आरोपी का अब तक सुराग नहीं लगा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके कई संबंधित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि माधवनगर थाना क्षेत्र के अमकुही स्थित दो फैक्ट्रियों के कार्यालयों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय सोनू साहू को हिरासत में लिया था। उसे गिरफ्तार कर थाने में ही रखा गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय करते हुए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने मौका देखकर थाने से भागने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद माधवनगर पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।







