पैसों के लेन-देन में चले तलवार-फरसे, एक गंभीर घायल

पैसों के लेन-देन में चले तलवार-फरसे, एक गंभीर घायल
कोलार के महाबली नगर की घटना, आरोपी पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज
भोपाल,यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र स्थित महाबली नगर में पैसों के लेन-देन को लेकर दो युवकों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली बहस के बाद शुरू हुए विवाद में एक युवक ने जानलेवा हमला कर दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महाबली नगर निवासी 26 वर्षीय राहुल चौहान पिता सुरेश चौहान का क्षेत्र के ही आदित्य नाम के युवक से पैसों की बात को लेकर विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ी कि आदित्य ने राहुल पर धारदार तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राहुल को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कोलार थाना पुलिस ने फरियादी के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी आदित्य के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।







