नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में दो आरक्षक गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में दो आरक्षक गिरफ्तार
भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खाकी को दागदार करने वाली बेहद गंभीर घटना सामने आई है। विशेष सशस्त्र बल के दो आरक्षकों पर 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म और इस अपराध में सहयोग करने का मामला दर्ज कर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
जन्मदिन पार्टी का झांसा देकर बुलाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धार में पदस्थ एसएएफ आरक्षक संतोष सेन ने 22 जुलाई की शाम एक परिचित महिला के जरिए पीड़िता को कॉल करवाया और जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर लाल परेड मैदान के सामने बुलाया। पीड़िता के वहां पहुंचने पर आरोपी संतोष अपने साथी ग्वालियर में पदस्थ आरक्षक जितेंद्र राजपूत के साथ कार लेकर खड़ा मिला। जितेंद्र के साथ उसका 3-4 साल का मासूम बेटा भी कार में मौजूद था। दोनों आरोपी पीड़िता को झांसा देकर एमपी नगर स्थित प्रगति पेट्रोल पंप के पास एक सूने मकान में ले गए।
बेटे को साथ रख सीढ़ियों पर दिया पहरा
आरोप है कि एमपी नगर के सूने मकान में आरक्षक जितेंद्र अपने मासूम बच्चे के साथ सीढ़ियों पर बैठकर पहरा देता रहा, जबकि संतोष ने मकान के भीतर पीड़िता के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद रात करीब 8 बजे आरोपी पीड़िता को शाही दरबार के पास छोड़कर चले गए।
जीरो पर दर्ज हुई एफआईआर
वारदात के बाद पीड़िता ने आरोपी के मोबाइल से ही परिजनों को पूरी आपबीती बताई। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़िता को लेकर कमला नगर थाने गए, जहां पुलिस ने प्राथमिकता दिखाते हुए जीरो पर केस दर्ज किया। बाद में जहांगीराबाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत किया।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों आरोपी आरक्षकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की वैधानिक जांच की जा रही है।







