विधानसभा में ट्रैक्टर लेकर पहुँचे विधायक की पुलिस से हुई झड़प

विधानसभा में ट्रैक्टर लेकर पहुँचे विधायक की पुलिस से हुई झड़प
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में सोमवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। नारी शक्ति वंदन’पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। वहीं, विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह और पुलिस के बीच उस समय तीखी झड़प हो गई, जब वे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर विधानसभा परिसर पहुँचने का प्रयास कर रहे थे इसी दौरान विधायक और पुलिस में धक्का-मुक्की हुई।
विधानसभा जाते समय मंत्रालय के पास तैनात पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर विधायक अभिजीत शाह को रोक लिया। विधायक का तर्क था कि उन्होंने ट्रैक्टर के लिए विधिवत पास बनवाया है, जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना था कि परिसर में ट्रैक्टर ले जाने की कोई अनुमति नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर बहस और धक्का-मुक्की हुई।
महिला आरक्षण पर सदन में घमासान
सदन के भीतर माहौल तब और गरमा गया जब पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक मीना सिंह ने कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के समय से ही कांग्रेस महिला आरक्षण का विरोध करती आई है और अब वे कांग्रेस के खिलाफ सदन में निंदा प्रस्ताव लाएंगे। जवाब में कांग्रेस विधायकों ने पलटवार करते हुए भाजपा से उमा भारती, वसुंधरा राजे और कुसुम महदेले जैसे पार्टी की वरिष्ठ महिला नेताओं के साथ हुए व्यवहार पर जवाब माँगा।







