कटनी

शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में आया युवक, मौत के बाद शव को कुएं में छिपाया, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। जंगली जानवरों के शिकार के लिए जंगल में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में कुठला पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए युवक के शव को जंगल में स्थित एक पुराने सूखे कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की तार भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार विगत 17 अगस्त की रात ग्राम करहैया निवासी साहिल वासुदेव 18 वर्ष की करंट लगने से मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मृत्यु बिजली का करंट लगने से होने की पुष्टि हुई। मर्ग जांच के दौरान साक्षियों से पूछताछ तथा संदेही प्रकाश कोल के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि 17 अगस्त की शाम प्रकाश कोल, रोशन कोल, रूपेश बर्मन और साजन बर्मन ने जंगली जानवरों के शिकार की योजना बनाई थी। इसके बाद वे बड़ेरी भटिया जंगल पहुंचे, जहां रोशन कोल ने लोहे की तार को लकड़ी की खूंटियों के सहारे जमीन से करीब एक फीट ऊपर लगाया और उसे जंगल के पास से गुजर रहे बिजली के तार से जोड़ दिया। रात करीब दो बजे आरोपी शिकार देखने जंगल पहुंचे तो वहां साहिल वासुदेव करंट की चपेट में मृत अवस्था में मिला। घटना सामने आने के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने के उद्देश्य से शव को उठाकर जंगल में स्थित पुराने सूखे कुएं में डाल दिया। घटना में प्रयुक्त लोहे की तार को शिव मंदिर के पीछे झाडय़िों में छिपा दिया गया था, जिसे पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर बरामद कर लिया। मामले में कुठला पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना की। पुलिस ने मामले में राजकुमार उर्फ कुंचु उर्फ किश्शु कोल, रोशन कोल, रूपेश बर्मन, साजन बर्मन और प्रकाश कोल सभी निवासी कन्हवारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button