कटनी
रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव, ट्रेन से गिरने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। रैपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रतनगांव और सलैया रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू की। प्राथमिक जांच और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक चलती ट्रेन से गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मथुरा से संबलपुर का एक जनरल रेल टिकट मिला है, हालांकि टिकट के अलावा ऐसा कोई अन्य दस्तावेज नहीं मिला, जिससे युवक की पहचान हो सके। बरामद टिकट संबलपुर ओडिशा का होने के कारण पुलिस ने ओडिशा पुलिस से संपर्क साधा है। इसके साथ ही आसपास के थानों और रेलवे स्टेशनों पर मृतक के हुलिए और कपड़ों की जानकारी भेजकर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।






