भोपालमध्य प्रदेश

भाजपा कार्यालय घेरने निकली कांग्रेस को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोका , राहुल गांधी की गिरफ्तारी, छात्रों पर लाठीचार्ज और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, पुलिस से धक्का-मुक्की, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी दिखी नोकझोंक

भाजपा कार्यालय घेरने निकली कांग्रेस को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोका

राहुल गांधी की गिरफ्तारी, छात्रों पर लाठीचार्ज और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, पुलिस से धक्का-मुक्की, कार्यकर्ताओं में भी दिखी नोकझोंक

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल में गुरुवार को कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय के घेराव का प्रयास किया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से निकला विरोध मार्च पांच नंबर स्टॉप होते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ा लेकिन पुलिस ने पहले से की गई बैरिकेडिंग पर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बैरिकेड हटाने की कोशिश के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का मुक्की और नोकझोंक होती रही। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की। प्रदर्शनकारियों ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और शिक्षकों पर हुए कथित लाठीचार्ज का विरोध किया तथा उनके खिलाफ दर्ज प्रकरण वापस लेने की मांग की। साथ ही नीट परीक्षा से जुड़े विवादों का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर छात्रों की अनदेखी का आरोप लगाया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण भी हो गया। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की के अलावा प्रदर्शन में शामिल कुछ कार्यकर्ता आपस में भी बहस और नोकझोंक करते नजर आए। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी भी प्रदर्शनकारी को भाजपा कार्यालय तक नहीं पहुंचने दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग स्थल पर ही नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button