जबलपुरमध्य प्रदेश

कट्टे की नोक पर एक्टिवा लूटने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार

छीनी गई स्कूटी, कट्टा और बाइक बरामद

जबलपुर, यशभारत। घमापुर थाना क्षेत्र में कट्टे की नोक पर एक्टिवा स्कूटी लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से छीनी गई एक्टिवा स्कूटी, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी पर पहले से 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार समदड़िया यंग सिटी, माढ़ोताल निवासी 56 वर्षीय धर्मपाल सिंह राजपूत ने 18 जुलाई को घमापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ऑटो चालक है। घटना वाले दिन वह करिया पाथर मरघटाई में खारी विसर्जन कार्यक्रम में गया था। सुबह करीब 9:30 से 9:45 बजे के बीच काली मंदिर के पास काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया। एक युवक ने देशी कट्टा अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि दो अन्य ने उससे छीना-झपटी कर उसकी एक्टिवा (एमपी-20-जेडबी-2684) लूट ली और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ तथा नगर पुलिस अधीक्षक उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राम मंदिर के पास मैदान से साहिल सेन (19) निवासी घमापुर और राज सोनकर (21) निवासी बेलबाग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी सम्मान रैकवार (19) निवासी हनुमानताल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके बाद 20 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि टेस्टिंग रोड स्थित जवाहर स्कूल के पीछे मैदान में एक युवक कट्टा लेकर किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर सम्मान रैकवार को पकड़ लिया। उसकी तलाशी में एक देशी कट्टा और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने लूटी गई एक्टिवा को टेस्टिंग रोड स्थित एक खंडहर भवन में छिपाकर रखने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छीनी गई एक्टिवा और साहिल सेन के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (एमपी-20-एक्ससी-4743) बरामद कर ली। तीनों आरोपियों को लूट के मामले में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सम्मान रैकवार आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, अवैध वसूली, मारपीट, चोरी, विस्फोटक अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं आरोपी साहिल सेन के विरुद्ध हत्या के प्रयास और मारपीट के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button