चोरों ने किराना दुकान का ताला तोड़कर उड़ाई 50 हजार की नगदी और सामान

चोरों ने किराना दुकान का ताला तोड़कर उड़ाई 50 हजार की नगदी और सामान
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हबीबगंज थाना इलाके में चोरों के हौसले बुलंद हैं। रविशंकर मार्केट स्थित एक किराना दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर गल्ले में रखी 50 हजार रुपये की नगदी सहित किराने के सामान पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार वापस आया, तब उसे वारदात की जानकारी लगी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी शुभम अग्रवाल रविशंकर मार्केट में किराना दुकान संचालित करते हैं। वे रोजाना की तरह शनिवार रात को भी अपनी दुकान सुरक्षित बंद कर अपने घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे वापस दुकान पर आए, तो उनके होश उड़ गए। दुकान का ताला टूटा हुआ था और शटर आधा खुला था।
पीड़ित ने जब दुकान के अंदर जाकर देखा, तो गल्ले में रखे 50 हजार रुपये गायब थे। इसके साथ ही चोर दुकान में रखा कीमती किराना सामान भी समेट ले गए थे। पीड़ित ने तुरंत इस चोरी की शिकायत हबीबगंज थाने जाकर पुलिस को दी। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।







